Jnana Karma Sannyasa Yoga
ज्ञान कर्म संन्यास योग
अज्ञश्चाश्रद्दधानश्च संशयात्मा विनश्यति। नायं लोकोऽस्ति न परो न सुखं संशयात्मनः॥ 4:40॥
अज्ञः च, अ-श्रद्धानः च, संशय-आत्मा वि-नश्यति, न अयम् लोकः अस्ति, न परः, न सुखम् संशय -आत्मनः।
अज्ञः (अज्ञान से युक्त व्यक्ति) च (और) अ-श्रद्धानः (जिसके पास श्रद्धा नहीं है) संशय-आत्मा (संशय से ग्रसित आत्मा वाला) वि-नश्यति (नष्ट हो जाता है) संशय-आत्मनः (संशययुक्त व्यक्ति के लिए) न (न) अयम् (यह) लोकः (संसार) अस्ति (है) न (न ही) परः (अगला लोक) न (न ही) सुखम् (सुख) उपलब्ध होता है।
Hindi
अज्ञानी, श्रद्धाहीन एवं संशय-युक्त (सतत संदेह में रहने वाला) मनुष्य विनाश को प्राप्त होता हैै। ऐसे संशय-ग्रस्त व्यक्ति के लिए न यह लोक है, न परलोक, न सुख।
English
One who is uncultivated, lacking in faith and reverence, and always in doubt faces ruination {instead of receiving enlightenment}. For such individuals, neither this world nor the beyond holds any promise, and true happiness remains elusive. (4:40)
Hindi
असंख्य हिंदू शास्त्रों ने—जो परस्पर नितांत विरोधी बातें करते हैं—एक औसत हिंदू को पूर्णतः संशयग्रस्त और संदेहग्रस्त बना दिया है, जिससे उसका आध्यात्मिक और लौकिक उत्थान नहीं हो पा रहा है। भगवान ने पहले ही (गीता 2.53) स्पष्ट कर दिया है कि—"जब तक तुम्हारी बुद्धि, नाना प्रकार के वचनों से विचलित होकर स्थिर नहीं हो जाती, तब तक तुम योग को प्राप्त नहीं कर सकोगे।" अतः एक ही शास्त्र—जो सबसे अधिक प्रामाणिक है, और जो दुनिया भर में सबसे अधिक समादृत धर्म एवं अध्यात्म-शास्त्र है—भगवद्-गीता को ही जीवन का आधार, मार्गदर्शक गुरु, और धर्म-नीति का मूल स्रोत बनाकर आगे बढ़ना ही उचित और उपयोगी है। चूँकि भगवद्-गीता सिद्धांत-रूप और सार-रूप में उपदेश देती है, इसलिए उसमें उल्लिखित तत्त्वों की विस्तृत स्पष्टता प्राप्त करने, तथा उदाहरणों और जीवन्त कथाओं के माध्यम से उसके सिद्धांतों को सहजता से समझने के लिए, पूरक-शास्त्र के रूप में रामचरितमानस और भागवत महापुराण का प्रयोग करना उचित है—क्योंकि अन्य उपलब्ध शास्त्रों की तुलना में ये अधिक सरल, सुबोध और सात्त्विक हैं। इसके अतिरिक्त, उपनिषद और ब्रह्मसूत्र जैसे ग्रंथ ज्ञान-मार्गियों के लिए, तथा पातंजल योगसूत्र आदि ध्यान-योगियों के लिए पूरक ग्रंथ के रूप में उपयोग किए जा सकते हैं।