Shraddhatraya Vibhaga Yoga
श्रद्धात्रय विभाग योग
ये शास्त्रविधिमुत्सृज्य यजन्ते श्रद्धयान्विताः। तेषां निष्ठा तु का कृष्ण सत्त्वमाहो रजस्तमः॥ 17:1॥
ये शास्त्र-विधिम् उत्-सृज्य, यजन्ते श्रद्धया-अन्विताः, तेषाम् निष्ठा तु का कृष्ण— सत्त्वम् आहो, रजः, तमः?
कृष्ण (हे कृष्ण)! ये (जो) शास्त्र-विधिम् (शास्त्र के विधान को) उत्-सृज्य (त्यागकर) श्रद्धया (श्रद्धा से) अन्विताः (युक्त होकर) यजन्ते (पूजन करते हैं), तेषाम् (उनकी) निष्ठा (श्रद्धा) तु (फिर) का (किस प्रकार की है), सत्त्वम् (सात्त्विक) आहो (अथवा) रजः (राजसी है) तमः (या तामसी है)?
Hindi
हे श्रीकृष्ण! जो मनुष्य शास्त्र-विधि को त्यागकर श्रद्धा से युक्त हुए यज्ञ-पूजा आदि करते हैं, उनकी निष्ठा (श्रद्धा, स्थिति, अवस्था) फिर कौन-सी है? सत्त्वगुणी है, अथवा रजोगुणी या तमोगुणी?
English
O Krishna! What about those individuals who, keeping aside the scripture, engage in yajna, and worship with sincere faith? In doing so, do their actions reflect a disposition characterized by the Noble (Sāttvic) Mode, the Passional (Rājasic) Mode, or the Ignoble (Tāmasic) Mode? (17:1)
Hindi
श्रीकृष्ण ने अभी-अभी, सोलहवें अध्याय के अंत में, कर्म-अकर्म का निर्णय करने में शास्त्र की प्रधानता की बात की थी। लेकिन हर कोई हर मामले में शास्त्रों के विचारों के बारे में सटीक तौर पर नहीं जान सकता है। किसी भी मामले में बहुत सारे अलग-अलग विचारों को रखने वाले बहुत-सारे शास्त्र भी हैं। इसलिए, अर्जुन को यह प्रश्न पूछना पड़ा। 'शास्त्र' किन ग्रंथों को माना जाए और किन ग्रंथों के हिसाब से चला जाए, इस पर हिंदू विद्वानों में बहुत मतभेद रहता है—इतना मतभेद रहता है कि एक विद्वान सिरे से दूसरे पक्ष के मत को खारिज कर देता है। हिंदू धर्म की अराजक स्थिति और पतन का यह एक बड़ा कारण है। इसी अस्पष्टता और अराजकता (अनुशासनहीनता) के कारण हिंदू धर्म संख्यात्मक और भौगोलिक तौर पर कम होता चला जा रहा है, जबकि वे धर्म जिनके पास आधार-ग्रंथ के रूप में एक ही मुख्य शास्त्र है, संख्यात्मक और भौगोलिक रूप से फैलते जा रहे हैं। भगवद्-गीता के अधिकतर टीकाकार—झमेले से बचते हुए, मगर पाठक को भ्रमित छोड़कर—बिना 'शास्त्र' को परिभाषित किए और बिना 'शास्त्र' शब्द का मतलब स्पष्ट किए आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन शंकराचार्य ने भगवद्-गीता के अपने भाष्य में 'शास्त्र' का मतलब स्पष्ट किया है—'श्रुति-स्मृति आदि'। श्रुतियाँ और स्मृतियाँ इतनी संख्या में हैं, और इतने भिन्न-भिन्न विचार रखती हैं, कि इस परिभाषा से कोई विशेष लाभ नहीं दिखता। फिर इनमें 'आदि' भी लगा दिया गया है। श्रुति (वेदों) में क्या शामिल करें—सिर्फ संहिता भाग या अन्य भी—इस पर भी हिंदू विद्वान एकमत नहीं रहते। 'स्मृति' के अर्थ के विषय में तो और भी मतभेद हैं। कुछ विद्वान सिर्फ मनुस्मृति को स्मृति मानते हैं, तो अन्य विद्वान दर्जन-भर अन्य स्मृतियों (जिन ग्रंथों के नाम में ही 'स्मृति' शब्द जुड़ा है, जैसे 'याज्ञवल्क्य स्मृति') के साथ-साथ इतिहास (महाभारत, तीन सौ रामायण) और पुराण, गृह्यसूत्र, धर्मसूत्र, अर्थशास्त्र, कामशास्त्र आदि सभी को स्मृति ही मानते हैं। इस मति-भ्रम को दूर करने हेतु समय आ गया है कि सभी हिंदू अब सिर्फ एक ग्रंथ को आधार-ग्रंथ और सर्व-प्रमुख शास्त्र बनाकर चलें, और बाकी को वहीं तक मानें जहाँ तक वे मूल आधार-ग्रंथ के विरोध में नहीं जाते हों। तभी मानसिक स्पष्टता आएगी कि क्या करें और क्या न करें। वह एक ग्रंथ आज भगवद्-गीता के सिवाय दूसरा कोई हो ही नहीं सकता। भगवद्-गीता में विभिन्न मतों का समन्वय भी है, और विभिन्न मतों के लिए स्थान भी। लगभग सभी संप्रदाय अपने मत के समर्थन या संरक्षण के लिए भगवद्-गीता के श्लोकों में आश्रय लेते हैं। दुनिया भर में—हिंदू समाज और हिंदू समाज से बाहर भी—अगर किसी एक ग्रंथ का सर्वाधिक आदर है, तो वह भगवद्-गीता ही है, वेद या वेदांत-सूत्र नहीं।
English
The Lord just emphasized the significance of scriptures in guiding our actions and determining what is right and wrong (16:23,24). However, not everyone may possess knowledge of the specific injunctions contained within various scriptures, and furthermore, there can be conflicting views within different scriptures. Therefore, Arjuna is prompted to ask this question. Furthermore, there exists significant disagreement among Hindu scholars concerning the definition of which books qualify as “scripture.” Due to this ambiguity and lack of consensus, many commentators avoid explicitly defining the term “scripture,” leaving readers perplexed. In his commentary on the Gitā, Shankarāchārya elucidates the meaning of “Shastra” (scripture) by referring to it as “Shruti-Smriti, etc.” Shruti denotes the Vedas, while Smriti encompasses a wide range of texts. However, since Shruti and Smriti literature is extensive and often presents divergent viewpoints, this definition provides limited clarity. Furthermore, the inclusion of an open-ended “etc.” compounds the ambiguity. The question of what constitutes Shruti—whether it encompasses only the four Vedas or also extends to other Vedic texts such as Brāhmans, Āranyakas, and Upanishads—is not explicitly addressed. Similarly, Smriti literature comprises numerous texts, with varying interpretations among scholars. Many include historical epics like the Mahābhārata, the vast array of Purānas, Grihyasutras, Dharmasutras, Arthashāstra, Kāmashāstra, and more under the umbrella of “Smriti.” Additionally, certain texts explicitly bearing the term “Smriti” in their titles, such as the Manusmriti and Yajnavalka Smriti, are commonly recognized as Smriti literature. In light of this complexity, it is essential to resolve the confusion and establish a clear framework where one Holy Book serves as the foundational text, with other scriptures considered supplementary as long as they align with the principles of the base text. In this context, the Bhagavad-Gitā stands out as the most suitable candidate for the role of the foundational scripture. The Bhagavad-Gitā encompasses teachings and principles that resonate with nearly every sect within Hinduism, making it a unifying source of support for various branches of the Hindu Faith. Furthermore, the Bhagavad-Gitā, not the Vedas, Upanishads, or Vedānta-Sutra enjoys widespread respect beyond Hindu society’s boundaries.